ईरान की संसद में विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के अध्यक्ष ने सीरियाई अधिकारियों से महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों के बारे में विचारों का आदान- प्रदान किया है।
अलाउद्दीन बुरूजेर्दी ने जो एक प्रतिनिधिमंडल के साथ सीरिया की यात्रा पर गये हैं, सीरियाई अधिकारियों से अलग- अलग भेंट करके महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों के बारे में विचार- विमर्श किया है। उन्होंने सीरिया के राष्ट्रपति बश्शार असद से भेंट में कहा कि प्रतिरोध पर आधारित सीरियाई राष्ट्र, सेना और अधिकारियों की इच्छा आतंकवादियों एवं उनके समर्थकों की पराजय को सुनिश्चित करने वाली है और ईरानी राष्ट्र सीरियाई जनता और सरकार के साथ है और दमिश्क के प्रति अपने समर्थन को जारी रखेगा।
सीरिया के राष्ट्रपति ने भी इस देश की सरकार और जनता के प्रति इस्लामी गणतंत्र ईरान के समर्थन की सराहना करते हुए कहा कि आतंकवादी और उनके समर्थक सीरिया में युद्ध की आग भड़का कर अब तक अपने लक्ष्यों तक नहीं पहुंच सके। बश्शार असद ने कहा कि सीरियाई राष्ट्र समस्त स्वतंत्र और आज़ाद राष्ट्रों की भांति अपने परमाणु कार्यक्रमों में ईरान की उपलब्धियों और जीत को समस्त स्वाधीन देशों की जीत मानता है जो अपने क़ानूनी और न्यायपूर्ण अधिकारों पर आग्रह करता है। ईरान की संसद में विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के अध्यक्ष ने सीरिया के संसद सभापति जेहाद लेहाम से भी भेंट में आतंकवादियों और उनके समर्थकों के मुकाबले में सीरियाई सेना के प्रतिरोध की सराहना की। श्री बुरूजेर्दी ने कहा कि ईरान सीरिया में हर प्रकार के विदेश हस्तक्षेप का विरोधी है और डेमोक्रेसी का दावा करने वाले समस्त देशों का आह्वान करता है कि वे सीरियाई जनता को अपने भविष्य के निर्धारण का अवसर दें। सीरिया के प्रधानमंत्री वाएल हलक़ी ने भी श्री बुरूजेर्दी से भेंट में अमेरिका और जायोनी शासन की योजनाओं के मुकाबले में ईरान और सीरिया को क्षेत्र में दो प्रतिरोधकर्ता देश बताया।